About Me

My photo
"खेल सिर्फ चरित्र का निर्माण ही नहीं करते हैं, वे इसे प्रकट भी करते हैं." (“Sports do not build character. They reveal it.”) shankar.chandraker@gmail.com ................................................................................................................................................. Raipur(Chhattigarh) India

Wednesday, 1 February 2012

छत्तीसगढ़ एसोसिएट चैंपियन

0 बीसीसीआई अंडर-16 एसोसिएट ट्राफी टूर्नामेंट का समापन 
0 फाइनल में अरुणाचल प्रदेश को नौ विकेट से हराया
0 कप्तान अजय मंडल ने खेली नाबाद शतकीय पारी
0 मेजबान ने लगाई जीत की हैट्रिक 
विजेता छत्तीसगढ़ के खिलाडी ट्राफी के सात.
 रायपुर। मेजबान छत्तीसगढ़ ने बीसीसीआई अंडर-16 एसोसिएट ट्राफी के फाइनल में सोमवार को अरुणाचल प्रदेश को एकतरफा नौ विकेट से हराकर इस साल जीत की हैट्रिक लगाई। छत्तीसगढ़ की टीम इस साल शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन वर्गों अंडर-16 के अलावा अंडर-19 व सीनियर महिला वर्ग में चैंपियन बनी, जबकि अंडर-22 वर्ग में प्रदेश टीम पहले ही चैंपियन बनकर प्लेट ग्रुप में जगह बना चुकी है।  
इसी तरह अंडर-16 वर्ग में भी मिली एकतरफा जीत के बाद प्रदेश टीम को अंडर-16 जोन में जगह मिलने की संभावना बन गई है। 
परसदा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में फाइनल मुकाबला छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेला गया। अरुणाचल प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 155 बनाए। टीम की ओर से नेताजी टेरोन के बेहतरीन 54 रनों की अर्धशतकीय पारी व तेजस्वी मलिक के नाबाद 49 रन शामिल हैं। दोनों बल्लेबाजों के अलावा अरुणाचल का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाया। छत्तीसगढ़ की ओर से फरहान फिरोज ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए 10 ओवरों में तीन मैडन के साथ 28 रन देकर चार विकेट लिए। इसके अलावा आकाश  सक्सेना व कप्तान अजय मंडल को एक-एक विकेट लिया। 
जवाब में छत्तीसगढ़ ने 156 रनों के आसान लक्ष्य को आशा के अनुरूप 30.1 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से कप्तान अजय मंडल ने नाबाद शतकीय पारी खेली। अजय ने 86 गेंदों में 13 चौकों व एक छक्के की मदद से धुआंॅधार 100 रन बनाए। हेमेंद्र सिंह यादव ने भी 51 रनों की सूझबूझ पारी खेली। उन्होंने 91 गेंदों में 5 चौके जड़े। इस तरह छत्तीसगढ़ ने नौ विकेट से जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा कर लिया।
भाटिया ने बांटे पुरस्कार 
समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया ने विजेता खिलाड़ियों को ट्राफी प्रदान की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमारी टीम में काफी क्षमता है और आने वाले प्लेट ग्रुप व जोन मैचों के लिए हमारी टीम तैयार है। उन्होंने टीम को बधाई देते हुए कहा कि इसी तरह हमें भविष्य में अच्छा करना है। छत्तीसगढ़ को क्रिकेट जगत में अच्छा मुकाम हासिल करना है। इस मौके पर संघ के सचिव राजेश दवे, कोषाध्यक्ष विजय शाह समेत अन्य पदाधिकारी व खिलाड़ी मौजूद थे।

Tuesday, 24 January 2012

एसोसिएट ट्रॉफी पर छत्तीसगढ़ का कब्जा

0 बीसीसीआई अंडर-19 एसोसिएट ट्रॉफी टूर्नामेंट
0 फाइनल में मेघालय को नौ विकेट से हराया
0 प्लेट ग्रुप के लिए किया क्वालीफाई


रायपुर। बीसीसीआई अंडर-19 एसोसिएट ट्रॉफी टूर्नामेंट के खिताब पर मेजबान छत्तीसगढ़ ने कब्जा कर लिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए फाइनल मैच में छत्तीसगढ़ ने मेघालय को नौ विकेट से हराकर बीसीसीआई के प्लेट ग्रुप के लिए क्वालीफाई किया। 
छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेघालय की टीम 38.4 ओवर में मात्र 127 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से चमन पुष्प एवं राज बिसवा ने ही पिच पर धैर्य से खेलते हुए क्रमश: 41 व 33 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की घातक गेंदबाजी में ऐश्वर्य मौर्य ने 9.4 ओवर में 18 रन देकर चार विकेट और मो. शहनवाज हुसैन व मो. इरफान ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में छत्तीसगढ़ ने 20 ओवरों में ही 6.35 की औसत से एक विकेट खोकर 128 रनों का आसान लक्ष्य हासिलकर खिताब अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में एक बार फिर छबि जलक्षत्री के बल्ले का जादू चला, जिन्होंने 72 गेंद में नाबाद 72 रन बनाए। इयान कोस्टर 30 रन पर नाबाद रहे। इस तरह छत्तीसगढ़ ने नौ विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही छत्तीसगढ़ की टीम को बीसीसीआई के अंडर-19 प्लेट ग्रुप में प्रमोशन की सौगात मिली। अगले साल प्रदेश की विजेता अंडर-19 टीम प्लेट ग्रुप में हिस्सा करेगी। 

जगदाले व शेट्टी ने बांटे पुरस्कार
समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि बीसीसीआई के सचिव संजय जगदाले और विशेष अतिथि बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी थे। श्री जगदाले व श्री शेट्टी ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया। समारोह में श्री जगदाले एवं शेट्टी ने घोषणा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का स्तर प्लेट ग्रुप का है और कहा कि आने वाले समय में यहांॅ से अच्छे खिलाड़ी निकलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले से ही क्रिकेट कल्चर है, जिसका लाभ यहांॅ के खिलाड़ियों को मिल रहा है। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीम को अच्छे प्रदर्शन की बधाई दी। 

अच्छी तैयारी से मिली सफलता : वसीम
छग टीम के कप्तान शेख वसीम ने कहा कि मैच के लिए अच्छी तैयारी की थी। टीम के सभी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। खासकर जलक्षत्री ने उम्दा बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा कि प्लेट ग्रुप की तैयारी के लिए अभी टीम के पास करीब एक साल का समय है। उम्मीद है टीम प्लेट ग्रुप में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि टीम प्लेट ग्रुप खेलेगी, लेकिन वे टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे, क्योंकि अभी उनकी उम्र 19 साल है और अगले साल वे 20 साल के हो जाएंगे। इस कारण वे इसमें नहीं खेल पाएंॅगे। 
रणजी के लिए मप्र से करेंगे चर्चा : भाटिया
समारोह के बाद प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया ने कहा कि रणजी ट्रॉफी के मैच के लिए मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि श्री शेट्टी ने यहांॅ डोमेस्टिक टूर्नामेंट के मैच कराने की बात कही है। हमारे खिलाड़ी सभी टूर्नामेंटों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खिताब जीतकर इसे साबित कर दिया। 

महिला टीम भी चैंपियन
मेघालय की राजधानी शिलांग में हुए महिलाओं की बीसीसीआई एसोसिएट ट्राफी टूर्नामेंट में महिला टीम भी चैंपियन बनी। शनिवार को टूर्नामेंट का फाइनल मैच छत्तीसगढ़ और सिक्किम के बीच खेला गया। सिक्किम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम 40 ओवर में 158 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से इंदर कौर ने 41 एवं अचला विश्वकर्मा ने 25 व शोभना ने 20 रन बनाए। 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिक्किम की टीम 38.1 ओवर में महज 61 रनों पर ही ऑलआउट हो गई।  छत्तीसगढ़ की ओर से उर्मिला ने चार व बुद्धीप्रदा ने तीन विकेट लिए। छत्तीसगढ़ ने सिक्किम को 97 रन से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। इस तरह शनिवार को छत्तीसगढ़ को दोहरी सफलता मिली। 
-----------------------------------------------------------------------------

स्टेडियम को डोमेस्टिक मैच की सौगात

0 बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने कहा- बोर्ड की कमेटी में रखेंगे प्रस्ताव
0 कहा-इतने बड़े स्टेडियम के मैंटेनेंस के लिए जरूरी है लगातार मैच का होना
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को आखिरकार बीसीसीआई के डोमेस्टिक मैच की सौगात मिल ही गई। बीसीसीआई एसोसिएट ट्राफी के समापन समारोह में हिस्सा लेने आए बोर्ड के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) रत्नाकर शेट्टी ने शनिवार को कहा कि इतने बड़े स्टेडियम के मैंटेनेंस के लिए यहां लगातार मैच का होना जरूरी है, इसलिए इस स्टेडियम में डोमेस्टिक मैच कराने के लिए बोर्ड की कमेटी में प्रस्ताव लाया जाएगा। इससे यहां दिलीप ट्राफी समेत अन्य डोमेस्टिक टूर्नामेंट के मैचों का आयोजन हो सकेगा। 
श्री शेट्टी इसके पहले तक यहां अंतरराष्ट्रीय मैच को छोड़ ही दीजिए, डोमेस्टिक मैच के आयोजन कराने के बारे में भी कुछ कहने से कतराते रहे हैं, लेकिन उन्होंने आज पहली बार खुलकर कहा कि इतने बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव के लिए यहां लगातार मैच होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक होता है। इसके लिए अभी छत्तीसगढ़ को इंतजार करना होगा, लेकिन डोमेस्टिक मैच कराए जा सकते हैं। उन्होंने रणजी ट्राफी मैच कराए जाने के बारे में कहा कि इसके लिए छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ आपस में बातचीत करके इस बारे में निर्णय ले सकता है। रणजी मैच के आयोजन के लिए स्टेट संघ जिम्मेदार होता है। इसमें बीसीसीआई का कोई हस्तक्षेप नहीं होता है। मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ चाहे तो रणजी ट्राफी के कुछ मैच यहां हो सकता है। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।
छोटे शहरों पर फोकस
श्री शेट्टी ने कहा कि बीसीसीआई क्रिकेट कल्चर डेवलप करने के लिए छोटे शहरों पर फोकस कर रहा है। इसमें रायपुर भी शामिल हैं। यहां बढ़िया इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप हो गया है। अब इसकी उपयोगिता पर ध्यान देना चाहिए। छत्तीसगढ़ सरकार भी क्रिकेट को बढ़ावा देने का काम कर रही है। अभी स्टेडियम के रखरखाव के लिए प्रदेश सरकार और छत्तीगढ़ क्रिकेट संघ के बीच समझौता होना बाकी है। 
क्रिकेट डेवलप पर ज्यादा ध्यान दें
श्री शेट्टी ने कहा कि प्रदेश क्रिकेट संघ बेहतर काम कर रहा है। यहां के खिलाड़ी भी बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं, इसलिए यहां अभी अंतरराष्ट्रीय मैच कराने के बजाय घरेलू क्रिकेट डेवलप करने में ज्यादा ध्यान देना चाहिए। क्रिकेट डेवलप होगा तो यहां के खिलाड़ी नेशनल-इंटरनेशनल लेवल पर खुद ही आगे बढ़ जाएंगे।  
-----------------------------------------------

Saturday, 21 January 2012

छग ने बनाया सर्वोच्च स्कोर का रिकार्ड


0 अंडर-19 एसोसिएट ट्राफी में बना 468 रनों का विशाल स्कोर
0 50 ओवर के फार्मेट में विश्व का दूसरा सर्वाधिक स्कोर


रायपु। बीसीसीआई अंडर-19 एसोसिएट ट्राफी में शुक्रवार को मेजबान छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ धमाकेदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 50 ओवर में चार विकेट पर 468 रनों का सर्वोच्च स्कोर बनाकर वर्ल्ड रिकार्ड बना दिया। यह स्कोर 50 ओवर के फार्मेट में भारत में पहला और दुनिया में दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। गौरतलब है कि सर्वाधिक स्कोर का रिकार्ड आस्ट्रेलियन काउंटी क्रिकेट टीम गोल्ड कोस्ट के नाम दर्ज है, जिन्होंने 1992  में साउथ टीम के खिलाफ तीन विकेट पर 585  रन बनाये थे. 
छग के कप्तान शेख वसीम
सेक्टर-1 भिलाई में एसोसिएट ट्राफी के पांचवें चरण का मैच छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेला गया। इसमें छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 468 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मेजबान टीम के छबि जलक्षत्री ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए शानदार 160 रन और कप्तान शेख वसीम ने 112 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा अंकित सिंह ने 96 रन व शकीब अहमद ने 66 रनों का योगदान दिया। चारों बल्लेबाजों ने उम्दा प्रदर्शन कर टीम को 468 रनों के जादुई स्कोर तक पहुंचा दिया। जवाब में अरुणाचल की टीम पांच विकेट पर 265 रन ही बना सकी। इस तरह छत्तीसगढ़ ने यह मैच 203 रनों से विशाल अंतर से जीत लिया। 

बीसीसीआई सचिव ने दी बधाई
एसोसिएट ट्राफी के फाइनल मैच में हिस्सा लेने आए बीसीसीआई के सचिव संजय जगदाले ने छत्तीसगढ़ टीम की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने टीम की उपलब्धि पर कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि क्रिकेट में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। नए राज्य होने के बावजूद प्रदेश टीम की उपलब्धि सराहनीय है। कामना करते हैं कि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ें। 
---------------------------------------

छग के खिलाड़ियों का कारनामा
0 बीसीसीआई अंडर-19 एसोसिएट ट्रॉफी 
0 बनाया 468 रनों का विशाल स्कोर
0 अरुणाचल को 203 रनों से हराया

छबी जलछ्त्री
रायपुर। सेक्टर-1 भिलाई में खेले गए बीसीसीआई अंडर-19 एसोसिएट ट्रॉफी के पांॅचवंे चरण के मैच में मेजबान छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 468 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर भारत का पहला व दुनिया का दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाने का रिकार्ड बना दिया। छत्तीसगढ़ ने यह मैच 203 रनों के विशाल अंतर से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। 
पांॅचवें चरण का लीग मैच शुक्रवार को छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेला गया। छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए भारतीय डोमेस्टिक क्रिकेट में सर्वाधिक व विश्व में दूसरा सर्वाधिक स्कोर 468 रन बनाए। टीम की ओर से छबि जलक्षत्री ने धुआंॅधार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक शानदार 160 रन एवं कप्तान शेख वसीम ने 112 रन बनाए। उनके अलावा अंकित सिंह ने 96 व शकीब अहमद ने 66 रनों का योगदान दिया। छबि जलक्षत्री व अंकित सिंह ने पहले विकेट के लिए सर्वाधिक 254 रनों की शतकीय साझेदारी की, जबकि कप्तान शेख वसीम व एसजे अहमद ने चौथे विकेट लिए 166 रनों की शतकीय साझेदारी की। अरुणाचल की ओर से लिचाटेही, अशोक कुमार व सचिन यादव ने एक-एक विकेट लिया। 468 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में खेलने उतरी अरुणाचल की टीम पांच विकेट  पर 265 रन ही बना पाई। टीम की ओर से सचिन यादव ने 66, कमशा यंगफो 78 व श्याम शर्मा ने 46 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से अतुल शर्मा ने चार विकेट लिए, जबकि रोहित तिवारी को एक विकेट लेने में सफलता मिली। इस तरह छत्तीसगढ़ ने यह मैच 203 रनों से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। 
वहीं दूसरा मैच सेक्टर-10 भिलाई ग्राउंड में नागालैण्ड और मणिपुर के बीच खेला गया। नागालैण्ड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 203 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज वबंग जमीर ने 71 रन एवं तेयेन्ग्लो रेन्ग्मा ने 60 रन बनाए। मणिपुर की ओर से जितेंद्र्र ठाकुर ने तीन एवं सुल्तान करीम व टी.मोइरंगथेम ने दो-दो  विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मणिपुर की टीम 38.3 ओवर में 148 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से शहादत ने 25 व तेन्यसन सिंग ने 17 रन बनाए। नागालैण्ड की ओर से केके सोलो, मयंबल्मो, वबंग जमीर व तेयेन्ग्लो रेन्ग्मा ने दो-दो विकेट लिए। नागालैण्ड ने 55 रन से जीत हासिल की।
-----------------------

सचिन, द्रविड़ का रिप्लेस मुश्किल : जगदाले
0 बीसीसीआई के सचिव संजय जगदाले ने कहा- दोनों खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं
रायपुर। बीसीसीआई के सचिव संजय जगदाले ने शुक्रवार को यहांॅ कहा कि टीम इंडिया में सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ जैसे सीनियर खिलाड़ियों का रिप्लेस मुश्किल है। उन्होंने कहा कि दोनों टीम में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, वे अपनी इच्छा से रिटायर होंगे। 
बीसीसीआई एसोसिएट ट्रॉफी टूर्नामेंट के फाइनल मैच में हिस्सा लेने आए श्री जगदाले ने सचिन तेंडुलकर को टीम से बाहर करने के बारे में कहा कि वे महान खिलाड़ी हैं और इतने बड़े खिलाड़ी पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहिए। वे अभी भी टीम में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम का सलेक्शन बोर्ड की चयन कमेटी करती है। उनके ऊपर निर्भर है कि किसे टीम में शामिल किया जाए या नहीं। इस बारे में वे टिप्पणी नहीं कर सकते। 
आस्ट्रेलियाई दौरे पर टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन पर रहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। मैच में एक टीम की जीत या हार होती है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है। टीम के बेहतर प्रदर्शन के लिए बीसीसीआई ने कई प्रयास किए थे। दौरे के दो महीने पहले से ही इसकी तैयारी की थी, लेकिन मैच पर वहां की परिस्थिति का प्रभाव पड़ता है। उन्होंने आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रिकी पोंटिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले टेस्ट के पूर्व पोंटिंग को खराब प्रदर्शन के लिए हटाने की मांग उठी थी, लेकिन पोंटिंग व हसी ने बेहतर प्रदर्शन कर टीम को जिताया। यही बात सचिन व द्रविड़ जैसे सीनियर खिलाड़ियों पर भी लागू होती है। 
संजय जगदाले 
क्यूरेटर पिच कमेटी बनेगी
श्री जगदाले ने कहा कि देश में बेहतर विकेट बनाने के लिए बोर्ड में एक क्यूरेटर पिच कमेटी बनाई जाएगी। अभी इसके लिए प्रस्ताव लगाया गया है। इसे एप्रूव नहीं किया गया है। 25 जनवरी को होने वाली बोर्ड की बैठक में इस पर निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इंदौर में एमराल्ड स्कूल में बना विकेट देश में नंबर वन है। इसी तर्ज पर देशभर बेहतर विकेट बनाया जाएगा। इसके लिए प्रस्तावित क्यूरेटर पिच कमेटी स्टेट से लेकर क्लब लेवल पर बेहतर विकेट बनाने के लिए ट्रेनिंग सुविधा मुहैया कराएगी। 

इंटरनेशनल स्टेडियम की उपयोगिता सुनिश्चित हो
श्री जगदाले ने रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की उपयोगिता के बारे में कहा कि वे यहां पहले भी आ चुके हैं। अभी वे स्टेडियम का मुआयना करेंगे। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्टेडियम है तो उसकी उपयोगिता होनी चाहिए। यह सुनिश्चित की जाएगी कि यहां समय-समय पर कोई बड़ा टूर्नामेंट या मैच होता रहे, जिससे मैदान का मैंटेनेंस हो सके।

छग को क्रिकेट कल्चर का लाभ
श्री जगदाले ने छत्तीसगढ़ की टीम द्वारा शुक्रवार को खेले गए मैच में 50 ओवर के फार्मेट में भारत का पहला व विश्व का दूसरा सर्वोच्च स्कोर 468 रन बनाए जाने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में क्रिकेट कल्चर है, जिसका लाभ उन्हें मिल रहा है और यहांॅ के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। अन्य नए राज्यों में क्रिकेट कल्चर का अभाव है। वहां बीसीसीआई को क्रिकेट कल्चर डेवलप करना पड़ा रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़ में यह पहले से मौजूद है।

Thursday, 19 January 2012

केरल व रेलवे ने जीता खिताब

(4  से 11  जनवरी तक रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित)

0 60वीं सीनियर नेशनल महिला-पुरुष वॉलीबाल चैंपियनशिप का समापन
पुरुष वर्गे में विजेता केरल के खिलाड़ी ट्राफी के साथ जश्न मनाते हुए. मुख्यमंत्री डॉ. रमण सिंह ने पुरस्कार बांटे. 
0 पुरुष वर्ग में केरल के टॉस जोसेफ और महिलाओं में रेलवे की टेरीन एंटोनी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित 


महिला वर्ग की विजेता रेलवे की टीम ट्राफी के साथ. 
शंकर चंद्राकर 
रायपुर। 4 से 11  जनवरी तक आठ दिनों तक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स इंडोर स्टेडियम रायपुर में चली 60वीं सीनियर नेशनल महिला-पुरुष वॉलीबाल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में केरल और महिलाओं में रेलवे की टीम ने अपना खिताब बरकरार रखते हुए 27वीं बार चैंपियन बनी। छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल संघ की मेजबानी में हुई इस चैंपियनशिप में देशभर के 26 पुरुष व 25 महिला टीमों ने हिस्सा लिया। 
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला केरल और उत्तराखंड के बीच खेला गया। अब तक मैच में शानदार प्रदर्शन कर रोमांचित करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने फाइनल में दर्शकों को निराश किया। उत्तराखंड के खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन से मैच पूरी तरह एकतरफा रहा। इस कारण बेस्ट ऑफ फाइव में होने वाला मुकाबला सिर्फ तीन सेटों में ही समाप्त हो गया। फाइनल का रोमांच देखने के लिए बुधवार को पूरा इंडोर स्टेडियम खचाखच भर गया। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने पहले सेट से ही खराब प्रदर्शन करना शुरू कर दिया, जो लगातार तीन सेटों तक जारी रहा। केरल ने पहला सेट 25-22 से जीता। दूसरे सेट में उत्तराखंड ने वापसी की कोशिश की, लेकिन केरल के दमदार सर्विस व ब्लॉकिंग के सामने उनके खिलाड़ी टिक नहीं पाए। साथ ही उनके खिलाड़ियों ने कई बार खराब शाट खेलकर केरल को प्वाइंट दिलाए। इस तरह उत्तराखंड के खिलाड़ी दूसरा सेट भी 22-25 से हार गए। तीसरा सेट भी केरल ने एकतरफा 25-13 से अपने नाम कर लिया। इस तरह केरल ने 25-22, 25-22, 25-13 से जीत हासिलकर खिताब जीत लिया।
इसके पूर्व खेले गए महिला वर्ग का फाइनल भी एकतरफा रहा। इसमें गत विजेता रेलवे ने शुरू से ही केरल पर बढ़त की और तीन सेटों में यह मुकाबला 25-12, 25-14, 25-16 से जीतकर 27वीं बार खिताब पर कब्जा किया। 
समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह थे। अध्यक्षता सांसद रमेश बैस ने की। विशेष अतिथि उद्योगपति व सांसद नवीन जिंदल, खेल मंत्री लता उसेंडी, महापौर डॉ. किरणमयी नायक, हीरा ग्रुप के एमडी बीएल अग्रवाल, बीएसपी के सीईओ पंकज गौतम, छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव बलदेव सिंह भाटिया, भारतीय वॉलीबाल फेडरेशन के एसोसिएट सचिव रतिन रॉय चौधरी, संजय बाजपेयी व एनएमडीसी के आरडी नंद थे। 
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने दोनों वर्गों के विजेता, उपविजेता व तीसरे आने वाली टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। दोनों वर्गों के विजेता को 51 हजार रुपए, ट्राफी व मेडल प्रदान किया गया। इसी तरह उपविजेता को 31 हजार रुपए, ट्राफी व मेडल तथा तृतीय को 21 हजार रुपए, ट्राफी व मेडल प्रदान किया गया। 

जोसेफ व टेरीन बेस्ट प्लेयर 
प्लयेर ऑफ़ द टूर्नामेंट टॉम जोसेफ 
बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार के रूप में पुरुष वर्ग में केरल के टॉम जोसेफ को बजाज प्लेटिना और गौरीशंकर अग्रवाल की स्मृति में 11 हजार रुपए दिया गया। इसी तरह महिलाओं में बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट का पुरस्कार रेलवे की टेरीन एंटोनी को दिया गया। पुरस्कार के रूप में टेरीन को स्कूटी प्रदान की गई। दोनों खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने बाइक व स्कूटी की चाबी प्रदान की। 



चाबी मिलते ही दौड़ाई बाइक 

प्लयेर ऑफ़ द टूर्नामेंट टेरीन अंटोनी


मुख्यमंत्री से बाइक की चाबी मिलते ही अपने साथी खिलाड़ियों के साथ पुरुष वर्ग के बेस्ट प्लेयर टॉम थामस व टेरीन एंटोनी अपने साथी खिलाड़ियों के साथ खुशी से स्टेडियम के चारों ओर बाइक दौड़ाई। 


विजेता टीम एक नजर
पुरुष वर्ग

क्र. टीम इनाम
1. केरल 51000 रु.
2. उत्तराखंड 31000 रु.
3. सर्विसेज 21000 रु.

महिला वर्ग 

1. रेलवे 51000 रु.
2. केरल 31000 रु.
3. प. बंगाल 21000 रु.

सर्विसेस  और पश्चिम बंगाल को तीसरा स्थान

पुरुष वर्ग में कांस्य पदक विजेता सर्विसेस की टीम ट्राफी के साथ. 
पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान के लिए सर्विसेस और तमिलनाडु के बीच रोमांचक मैच खेला गया। सर्विसेस के खिलाड़ियों ने इस मैच में शुरू से ही तमिलनाडु पर दबाव बनाए रखा और पहला सेट 25-20 से जीत लिया। दूसरे सेट में तमिलनाडु ने अच्छा प्रदर्शन दिखाया और 25-21 से जीत दर्ज कर मैच में वापसी की। लेकिन तीसरे सेट में 25-23 से पराजय का सामना करना पड़ा। चौथे सेट में सर्विसेस ने 28-26 से जीत दर्ज कर ली। इस तरह सर्विसेस ने 25-20, 21-25, 25-23, 28-26 से जीत दर्ज कर कांस्य पदक हासिल कर लिया। पुरुष वर्ग में खेले गए तीसरे स्थान के मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी जिशाद को छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष नगरीय प्रशासन मंत्री राजेश मूणत और खेल आयुक्त राजकुमार देवांगन ने बेस्ट प्लेयर का खिताब देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रमोद दुबे, सुभाष तिवारी. विनोद पिल्लई आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे। 



महिला वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली पश्चिम बंगाल की टीम.


महिला वर्ग में तीसरे स्थान के लिए पश्चिम बंगाल और आंध्रप्रदेश के बीच मुकाबला खेला गया। कांस्य पदक हासिल करने के लिए इन दोनों टीमों के बीच काफी संघर्षपूर्ण मुकाबला खेला गया। इस मैच में पश्चिम बंगाल ने 25-23, 25-13, 25-18 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल कर लिया। महिला वर्ग में बेस्ट प्लेयर का खिताब चिंटु को दिया  गया।

पश्चिम बंगाल की टीम से परिचय प्राप्त करती हुई मुख्यमंत्री की पत्नी वीणा सिंह. 

फाइनल रेंकिंग 

पुरुष वर्ग 

1. केरल
2. उत्तराखंड
3. सर्विसेस
4. तमिलनाडु
5. हरियाणा
6. पंजाब
7. रेलवे
8. कर्नाटक

महिला वर्ग

1. रेलवे
2. केरला
3. पश्चिम बंगाल
4. आंध्रप्रदेश
5. कर्नाटक
6. हिमाचल प्रदेश
7. तमिलनाडु
8. उत्तरप्रदेश

विजेता-उपविजेता टीमें 
पुरुष वर्ग की उपविजेता टीम उत्तराखंड के खिलाड़ी ट्राफी के साथ. 




महिला वर्ग की उपविजेता टीम केरल की खिलाड़ी ट्राफी के साथ. 
पुरुष वर्ग

विजेता केरल : बी अनिल, विबिन एन जॉर्ज, रोहित, अजेश, मनु जोसेफ, किरण फिलिप, रगेश केजी, अजीज, हफील, टॉम जोसेफ, मनु वी व श्याम जीके थामस। कोच एमटी सेमुअल।

उपविजेता उत्तराखंड : वाय सुब्बाराव, मंदीप सिंह, रंजीत सिंह, सुरेश गोदरा, गुरुचंद सिंह, ललित कुमार, रथिश, राहुल एसए, मिथलेश सिंग, अविनाश यादव, उमंग कुमार व अभिनव भटनागर। कोच भरतवीर सिंह।

महिला वर्ग

विजेता रेलवे : अनुनोल थामस, सजनी एम, प्रियंका खेटकर, रेशमा के, सौम्या वी, ठाकुर मोनी, बेट्जी केटी (कप्तान), प्रियंका बोरा, शांति एलियास, टेरिन एंटोनी, मिनिमोल अब्राहम व बबीता कचेरी। कोच मीना महालिंगम।

उपविजेता केरल : अनुमोल फिलिप, फातिमा रुखसाना, दिव्या जोसेफ, रेशमा पीपी, डोना जार्ज, जिशा पीवी, पूर्णिमा एमएस, शिबा पीवी, तिजी राजू, श्रुति मोल एम, बिजीना एनपी व अल्फोंसा एमजे। कोच ईके रंजन।
-----------------------------------------------------------------------------------------------------

नेशनल गेम्स का आधा खर्च केंद्र सरकार देगी
0 पायका योजना के लिए नियुक्त होंगे आब्जर्वर
0 इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने में सहयोग देगा केंद्र

समारोह में केन्द्रीय खेल मंत्री अजय माकन का सम्मान किया गया. 
 रायपुर। केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन ने मंगलवार को यहां कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित 37वें नेशनल गेम्स के आयोजन का 50 फीसदी खर्च केंद्र सरकार देगी। उन्होंने कहा कि पायका योजना में पारदर्शिता लाने के लिए शीघ्र ही 101 आब्जर्वर नियुक्त किए जाएंगे, जो राज्यों को आबंटित योजना की राशि की उपयोगिता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने में केंद्र सरकार पूरा सहयोग करेगी। 
  श्री माकन ने यह बात यहां इनडोर स्टेडियम में चल रही 60वीं सीनियर नेशनल वॉलीबाल चैंपियनशिप के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में कही। उन्होंने कहा कि नेशनल चैंपियनशिप सफल आयोजन है और इसके लिए छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन तथा राज्य सरकार बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अंदर असीम संभावनाएं हैं। यहां के आदिवासी क्षेत्रों में खेलों के विकास के लिए खेल की बुनियादी अधोसंरचनाएं डेवलप करनी होंगी। इसके लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर कार्य करेंगी। श्री माकन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तीरंदाजी, वॉलीबाल, बास्केटबाल, हॉकी की नैसर्गिक प्रतिभाएं मौजूद हैं। उन्हें आगे बढ़ाएं, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि अगली बार जब वे छत्तीसगढ़ आएंगे तो यह संभावना रहे कि यहां खेलों की बुनियादी सुुविधाओं का विकास हो सके। इसके लिए राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार को मिलकर प्रयास करने होंगे। 
नेशनल गेम्स के आबंटन को लेकर शंका दूर हुई
छत्तीसगढ़ को आबंटित 37वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर उस समय संदेह की स्थिति पैदा हो गई थी, जब केंद्रीय खेल मंत्री श्री माकन ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह कहा कि छत्तीसगढ़ को आईओए ने नेशनल गेम्स आबंटित नहीं किया है। कुछ देर बात जब पत्रकारों ने इस मसले पर पूर्व केंद्रीय मंत्री द्यिद्याचरण शुक्ल तथा छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव बलदेव सिंह भाटिया से सवाल किए तो उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल आबंटित हुए हैं और होस्ट सिटी कान्ट्र्ेक्ट भी हो चुका है। पत्रकारों ने श्री माकन से फिर घेरा और सवाल किया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल आबंटित तो हुए हैं, लेकिन यह तय नहीं किया गया है कि किस वर्ष में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होगा। उनके इस बयान के बाद संदेह दूर हुआ। 

----------------------------------------------------------------



केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन का भव्य स्वागत
मूणत सहित कई पदाधिकारियों ने किया स्वागत, प्रदेशभर के खेल संघों की मौजूद रहे
रायपुर। छत्तीसगढ़ वॉलीबाल एसोसिएशन की मेजबानी में खेली जा रही 60वीं सीनियर नेशनल महिला-पुरुष वॉलीबाल चैंपियनशिप में केंद्रीय खेल मंत्री श्री अजय माकन भी शिरकत कर रहे हैं। श्री माकन सोमवार को सुबह यहां पहुंचे। उनका छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत सहित तमाम पदाधिकारियों ने माना विमानतल पर भव्य स्वागत किया।  श्री माकन यहां इनडोर स्टेडियम में वॉलीबाल के अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों का सम्मान करेंगे और क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के दौरान मौजूद भी रहेंगे।
छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद अकरम खान ने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री श्री अजय माकन सुबह 9.40 बजे यहां माना विमानतल पहुंचे। विमानतल पर छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत सहित कई पदाधिकारियों ने श्री माकन का स्वागत किया। श्री माकन माना विमानतल से वीवीआईपी गेस्ट हाऊस पहुना के लिए रवाना हो गए। श्री माकन दोपहर 2.40 बजे से शाम 4.30 बजे तक इनडोर स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।  श्री खान ने बताया कि श्री माकन को इस चैंपियनशिप के लिए स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजेश मूणत ने आमंत्रित किया था और श्री मूणत के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए श्री माकन ने अपने व्यस्त कार्यक्रम में से छत्तीसगढ़ के लिए समय निकाला। श्री माकन के साथ भारतीय वॉलीबाल फेडरेशन के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष और दिल्ली ओलंपिक संघ के अध्यक्ष  कुलदीप वत्स भी राजधानी पहुंचे। श्री वत्स का भी यहां स्वागत किया गया। इस दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक, भोपाल आरके नायडू, एसटीसी रायपुर इंचार्ज एसएस भदौरिया, छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के एसोसिएट सेक्रेट्री एसएल यादव, उपाध्यक्ष आफताब सिद्दिकी, एचपी नायक, अनवर खान, गुरुमीत कौर धनई, विपिन तन्ना, विमल नायर, निर्मल सिंह, आबिद अली सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। 
------------------------------------------------------


द्रोणाचार्य व अर्जुन अवार्डियों का सम्मान

0 केंद्रीय खेल मंत्री का इंडोर स्टेडियम में भव्य स्वागतरायपुर। केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन यहां इंडोर स्टेडियम में चल रही 60वीं सीनियर नेशनल महिला-पुरुष वॉलीबाल चैंपियनशिप में वॉलीबाल के द्रोणाचार्य व अर्जुन अवार्डियों का सम्मान किया।
श्री माकन अर्जुन अवार्डी खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मुख्य अतिथि थे। समारोह में तमिलनाडु टीम के कोच व द्रोणाचार्य अवार्डी जीई श्रीधरन को स्मृति चिन्ह, शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। उनके अलावा अर्जुन अवार्डी रेलवे टीम के कपिल देव व हरियाणा के संजय कुमार को भी स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में श्री माकन ने आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ वॉलीबाल संघ व राज्य सरकारी की तारीफ की। उन्होंने राज्य में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर व अकादमी खोलने पर जोर दिया। समारोह को अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री व भारतीय ओलिंपिक संघ के आजीवन अध्यक्ष विद्याचरण शुक्ल ने भी संबोधित किया। श्री शुक्ल ने कहा कि देशभर के खिलाड़ियों का उत्साह देखते हुए यह लगता है कि खिलाड़ियों के रहने, खाने-पीने आदि का इंतजाम काफी बेहतर किया गया है और इसके लिए छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इंडोर स्टेडियम में केवल खेल की गतिविधियां होनी चाहिए और इसे खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए भी उपलब्ध कराना चाहिए। समारोह की विशेष अतिथि खेल मंत्री लता उसेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास की असीम संभावनाएं हैं और इसके लिए केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन के सहयोग की जररूत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर व सरगुजा जैसे क्षेत्रों को भी साई सेंटर की जरूरत है। छत्तीसगढ़ में काफी बेहतर खेल प्रतिभाएं हैं, जिन्हें हरसंभव सुविधा मुहैया कराई जा रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नौकरी भी प्रदान की है। 
इस मौके छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष व नगरीय प्रशासन मंत्री राजेश मूणत ने केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल तथा अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर तथा फूलमालाओं से सम्मानित किया। केंद्रीय खेल मंत्री श्री माकन ने उत्तराखंड व रेलवे के बीच खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच का भी लुत्फ उठाया। उन्होंने इस मैच का उद्घाटन खिलाड़ियों से परिचय हासिल किया। इस दौरान सांसद रमेश बैस, भारतीय वॉलीबाल फेडरेशन के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष कुलदीप वत्स, खेल आयुक्त राजकुमार देवांगन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव बलदेव सिंह भाटिया, सभापति संजय श्रीवास्तव, हीरा ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर नारायण प्रसाद अग्रवाल, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डा. विष्णु श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष बशीर अहमद खान, संजय शर्मा, कैलाश मुरारका, गुरुचरण सिंह होरा, राजेश पटेल, छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद अकरम खान सहित प्रदेश के कई राज्य खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद थे। 


रूसी चीयर लीडर्स ने बढ़ाया रोमांच

स्पर्धा के दौरान रूस की चीयर लीडर्स प्रदर्शन करती हुई. 



60वीं सीनियर नेशनल महिला-पुरुष वॉलीबाल चैंपियनशिप में पहली बार चीयर लीडर्स ने भी दर्शकों को खूब रोमांचित किया। चीयर्स लीडर्स रूस व यूक्रेन की हैं। वे मंच पर ब्रेक के दौरान वे डीजे की धुन पर दर्शकों तथा खिलाड़ियों का आकर्षक नृत्य के साथ उत्साहवर्धन करती रहीं। चीयर लीडर का प्रयोग छत्तीसगढ़ तथा भारतीय संस्कृति को ध्यान में रखकर किया गया।


बॉलीवुड फिल्में पहली पसंद

मैच के दौरान दर्शकों व टीमों का उत्साह बढ़ा रहीं रूस की चीयर लीडर्स बॉलीवुड फिल्मों में काम करती हैं और हिंदी फिल्में उनकी पहली पसंद हैं। यूक्रेन की नतालिया तीन साल से मुंबई में रह रही हैं। नतालिया के अलावा झाना, ओल्गा, कैटरीना उर्फ कैटी भी चीयर्स लीडर्स हैं, जो मुंबई में रह रही हैं और फिल्मों में कार्य करने के साथ-साथ चीयर लीडर्स का काम भी करती हैं। नतालिया ने अंजुम बीच नामक फिल्म में काम किया है, जो फिलहाल रिलीज नहीं हुई है। नतालिया इसके पूर्व भारत-आस्ट्रेलिया के मैच में चीयर लीडर्स का काम कर चुकी हैं।

छत्तीसगढ़ी चीयर लीडर्स भी रोमांच बढ़ाने में पीछे नहीं रहीं 
छत्तीसगढ़ की चीयर लीडर्स भी प्रस्तुति देने में पीछे नहीं रहीं. 

मैच के दौरान एक तरफ विदेशी चीयर लीडर्स रोमांच बढ़ाई तो दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ी चीयर्स लीडर्स ने भी अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक कलाकार छत्तीसगढ़ी गीतों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को खूब आनंदित किया। छत्तीसगढ़ी चीयर लीडर्स दुर्ग के लोक कलाकार हैं जो 'मया के संदेश" नामक संस्था के कलाकार हैं। इस संस्था की संचालिका उर्वशी साहू हैं। श्रीमती साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक कलाकारों जैसे बेहतर चीयर लीडर्स और कोई नहीं है।

-----------------------------------------------------------------

Thursday, 22 December 2011

आस्ट्रेलिया दौरा टीम इंडिया के लिए सुनहरा अवसर

0 पूर्व क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ ने कहा, अब तक की सबसे बेस्ट टीम 
हीरा कार्पोरेट क्रिकेट के समापन समारोह में हिस्सा लेने आये पूर्व क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ पत्रकारों से चर्चा करते हुए.
 रायपुर। पूर्व क्रिकेटर व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ का कहना है कि वर्तमान आस्ट्रेलिया दौरा टीम इंडिया के लिए सबसे सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान टीम भारतीय क्रिकेट की सबसे बेस्ट टीम है, जो अपनी ही धरती पर वर्ल्ड कप जीतने व टेस्ट में नंबर वन होने का कारनामा किया। इस टीम को दाद देनी चाहिए। 
 यहां आयोजित हीरा कार्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आए श्रीनाथ ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया दौरे से हमेशा ही सीखने को मिलता है और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का अच्छा मौका है।
300 से अधिक वनडे विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज ने कहा कि वर्तमान में अभिमन्यु मिथुन व विनय कुमार तेज गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इशांत शर्मा भी अपने तरीके से दम लगा रहे हैं। जहीर खान भी पूरी तरह फिट हैं और वे आस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना बेस्ट प्रदर्शन करेंगे। आस्ट्रेलिया दौरा हमेशा से ही टफ रहा है। खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। वर्तमान टीम इंडिया में सचिन, सहवाग, द्रविड़, गंभीर व धोनी बैटिंग की बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि खासकर तेज गेंदबाजों के लिए आस्ट्रेलिया से बेहतर कोई जगह नहीं। 
कपिल का रिप्लेसमेंट मुश्किल
श्रीनाथ ने कहा कि टीम इंडिया को कपिलदेव जैसे आलराउंडर मिलना मुश्किल है। फिर भी वर्तमान टीम इंडिया में आलराउंडर की जरूरत नहीं। सहवाग भी बालिंग करने लगे हैं। 
भज्जी वापसी करेंगे
 हरभजन सिंह की वापसी के बारे में मीडियम पेसर गेंदबाज ने कहा कि भज्जी वर्तमान टीम इंडिया में रहते तो अच्छा होता, लेकिन अश्विन फिलहाल बेस्ट चयन है। उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को सही साबित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भज्जी टीम इंडिया में जरूर वापसी करेंगे। 
सचिन, सहवाग का रिकार्ड तोड़ना मुश्किल
श्रीनाथ ने कहा कि वनडे में सचिन तेंडुलकर व वीरेंद्र सहवाग के दोहरे शतक का रिकार्ड तोड़ना बहुत मुश्किल है। वर्तमान में तो इस रिकार्ड को तोड़ने वाला बल्लेबाज नहीं आ रहा, लेकिन रिकार्ड टूटने के लिए बनता है और कोई न कोई तो इसे तोड़ सकता है। यदि कोई भारतीय तोड़े तो अच्छा रहेगा। 
सचिन को मिले 'भारत रत्न"
 श्रीनाथ ने स्पोर्ट्स मैन को 'भारत रत्न" दिए जाने के संबंध में कहा कि क्रिकेटर होने के नाते वे सचिन तेंडुलकर को 'भारत रत्न" देने का समर्थन करेंगे। सचिन के महाशतक के बारे में उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया दौरे पर उनका महाशतक लग सकता है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी खेलता है तो वह प्रेशर में रहता है। बिना प्रेशर के कोई भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी होने के नाते सचिन भी महाशतक के लिए प्रेशर में होंगे। 
काफी बदल गया होगा रायपुर
श्रीनाथ ने कहा कि करीब 20-22 साल पहले वे साइंस कालेज मैदान पर हुए इंटर विश्वविद्यालयीन विजी ट्राफी टूर्नामेंट खेलने रायपुर आए थे। उसके बाद से कभी आना नहीं हुआ। अब तो रायपुर काफी बदल गया होगा। हीरा कार्पोरेट क्रिकेट के आयोजन से वे अंदाजा लगा सकते हैं कि छत्तीसगढ़ में क्रिकेट को काफी बढ़ावा मिल रहा है।

Tuesday, 20 December 2011

अभिजीत ने जीता गोंडवाना कप

0 48 साल बाद प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब मेजबान छग की झोली में
अभिजीत को गोंडवाना कप प्रदान करते राज्यपाल शेखर दत्त.
शंकर चंद्राकर
रायपुर। 21 साल बाद शुरू हुए गोंडवाना कप आल इंडिया लान टेनिस टूर्नामेंट के एकल खिताब पर मेजबान छत्तीसगढ़ के अभिजीत तिवारी ने कब्जा किया। अभिजीत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले प्रदेश के तीसरे खिलाड़ी बन गए।  
उपविजेता  एनएस विजय प्रशांत को ट्राफी प्रदान करते राज्यपाल.
 छत्तीसगढ़ क्लब में शनिवार शाम को हुए एकल के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ के अभिजीत तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु के एनएस विजय प्रशांत को 2-6, 6-4, 6-4 से हराया। एक घंटा 46 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में पहला सेट 2-6 से हारने के बाद अभिजीत ने शानदार वापसी की और अगले दो सेट 6-4, 6-4 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। समारोह के मुख्यअतिथि राज्यपाल शेखर दत्त व प्रथम महिला सुष्मिता दत्त ने पूरे समय बैठकर रोमांचक मैच का आनंद लिया। 
दबाव में बेहतर प्रदर्शन किया
मैच के बाद अभिजीत को बधाई देते उपविजेता प्रशांत.
 मैच जीतने के बाद अभिजीत ने कहा कि उनपर बेहद दबाव था, लेकिन दबाव के बावजूद उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया। अभिजीत ने कहा कि उनके लिए खुशी की बात है कि उन्होंने 21 साल शुरू हुए मैच का खिताब प्रदेश के लिए जीता। 

क्रिसमस का तोहफा : सेंटियागो
पूर्व चैम्पियन ऍफ़ एक्स सेंटियागो के साथ
अभिजीत तिवारी
 पूर्व चैंपियन 80 वर्षीय एफएक्स सेंटियागो ने अभिजीत की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके व प्रदेश के लिए क्रिसमस का तोहफा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मैंने अभिजीत का खेल देखा है, उससे कह सकता हूँ कि अभिजीत भविष्य में भारत कि ओर से डेविस कप खेलेंगे.
जीतने के लिए टेम्परामेंट जरूरी : राज्यपाल 
पुरस्कार व समापन समारोह में राज्यपाल शेखर दत्त ने कहा कि किसी भी मैच में जीतने के लिए टेम्परामेंट और मैच स्पीरिट का होना जरूरी है। अभिजीत ने जो खेल दिखाया, इसके पीछे काफी योगदान उनके पिता का है, जिन्होंने हमेशा उनका सपोर्ट किया।  उन्होंने कहा कि बिना फैमिली सपोर्ट के कोई भी खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ सकता है. खेल एक तरह से मैनेजमेंट के गुर भी सिखाता है. उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों कि तरह यहाँ भी फैन क्लब होना चाहिए. जिससे खिलाड़ी प्रोत्साहित हो सके.
राज्यपाल ने बांटे पुरस्कार
युगल विजेता तमिलनाडु के मो. फ़रीज़ व एनएस विजय प्रशांत.
 पुरस्कार वितरण समारोह में राज्यपाल श्री दत्त ने एकल व युगल के विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार व ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। एकल विजेता अभिजीत को 65 हजार रुपए व ट्राफी तथा उपविजेता एनएस विजय प्रशांत को 45 हजार रुपए व ट्राफी प्रदान की गई। इसी तरह युगल विजेता तमिलनाडु के एनएस विजय प्रशांत व मो. फारीज को 31500 रुपए व ट्राफी तथा उपविजेता छत्तीसगढ़ के तुषार मांडलेकर व तमिलनाडु के नीरज एलनगोवन को 18500 व ट्राफी दी गई। समारोह में पूर्व चैंपियन एफएक्स सेंटियागो का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इस मौके पर प्रथम महिला सुष्मिता दत्त, खेल सचिव मनोहर पांडे, वाणिज्यकर आयुक्त जीएस मिश्रा, एडीजी लोक अभियोजन एमडब्ल्यू अंसारी, छग लान टेनिस संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया, सचिव गुरुचरण सिंह होरा, टूर्नामेंट डायरेक्टर लारेंस सेंटियागो, सारडा एनर्जी एंड मिनरल लिमिटेड के एमडी जीके छंगानी समेत लान टेनिस संघ के पदाधिकारी व खिलाड़ी मौजूद थे। 
 -----------------------
परिणाम एक नजर 
एकल 
क्र. खिलाड़ी राज्य
1. अभिषेक तिवारी छत्तीसगढ़
2. एनएसवी प्रशांत तमिलनाडु
युगल
क्र. खिलाड़ी राज्य
1. एनएसवी प्रशांत/मो. फारीज तमिलनाडु
2. तुषार मांडलेकर/नीरज एलनगोवन छत्तीसगढ़/तमिलनाडु
----------------------------------
गोंडवाना कप के विजेता एक नजर
वर्ष विजेता (एकल) महिला
1937-38 डीआर रुतनाम श्रीमती हाइड
1938-39 जेएम मेहता
1939-40 डॉ. एसके कौल
1940-41 जीवी देव
1941-48 स्थगित
1948-49 जीवी देव
1949-50 आरएल खान
1950-61 स्थगित
1961-62 आरएल खान
1962-63 एफएक्स सेंटियागो
1963-64 एचएल दास
1964-65 एचएल दास
1965-66 नरेंद्र तिवारी
1979-84 स्थगित
1984-85 पुन: शुरू
1990-2011 स्थगित
2011-12 अभिजीत तिवारी
------------------------
वर्ष विजेता (युगल)
1937-38 डीआर रुतनाम/जेए फ्रोस्ट
1938-39 जेएम मेहता/एमआर जयंत
1939-40 पीसी मैथ्यू/एसएन कुंजरू
1940-41 जीवी देव/केके दस्तुर
1941-48 स्थगित
1948-49 जीवी देव/एके दवे
1949-50 आरएल खान/एनएल खान
1950-61 स्थगित
1961-62 आरएल खान/एनएल खान
1962-63 डीसी रॉय/आरवाय देशमुख
1963-64 गोपाल रॉय/चौधरी
1964-65 एचएल दास/दत्त
1965-66 नरेंद्र तिवारी/अनवर अली
1979-84 स्थगित
1984-85 पुन: शुरू
1990-2011 स्थगित
2011-12 तुषार मांडलेकर/नीरज एलनगोवन
 ---------------------------------------
पुरस्कार वितरण समारोह एक नजर ........ 

मैच के दौरान प्रशांत. 



        
मैच के दौरान अभिजीत.         

Add caption
पूर्व चैम्पियन का सम्मान करते राज्यपाल

युगल उपविजेता छत्तीसगढ़ के तुषार मंडलेकर.