0 थाईलैंड के पट्टाया में हुई एशियन ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन
0 भारतीय टीम ने जीते छह रजत व तीन कांस्य समेत नौ पदक
0 सभी इवेंट में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी शामिल
रायपुर। थाईलैंड के पट्टाया में हुई एशियन ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भारतीय टीम के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए छह रजत व तीन कांस्य समेत कुल नौ पदक जीते। भारतीय टीम ने कुल 13 इवेंट में से नौ में पदक जीतकर इस चैंपियनशिप में ताइपे के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। टीम के कोच छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय कयाक खिलाड़ी नवीन साहू थे।
मेडल जीतकर रायपुर लौटने के बाद नवीन ने बताया कि भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ के दो पुरुष व दो महिला खिलाड़ी प्रमोद फरिकार, धनेश्वर फरिकार, शिवांगी ठाकुर व कौशल नंदिनी ठाकुर शामिल थीं। भारतीय टीम को 10 पेडलर मिक्स के 500 मी. में रजत पदक मिला। टीम में प्रमोद फरिकार शामिल थे। इसी तरह 10 पेडलर महिला 2000 मीटर में रजत पदक मिला। टीम में प्रदेश की कौशल नंदिनी व शिवांगी ठाकुर शामिल थीं। 10 पेडलर मिक्स 2000 मी. में भी रजत पदक हासिल हुआ। इसमें प्रमोद फरिकार शामिल थे। 10 पेडलर मिक्स 200 मी. भी प्रमोद ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। मलेशिया व भारतीय टीम ने संयुक्त रूप से 20 पेडलर पुरुष के 200 मी. में रजत पदक जीता। टीम का प्रतिनिधित्व प्रदेश के प्रमोद, धनेश्वर फरिकार व शिवांगी ठाकुर ने किया। इसी तरह पांच पेडलर मिक्स के 200 मी. में प्रदेश के धनेश्वर फरिकार ने रजत जीता।
10 पेडलर महिला 500 मी. में शिवांगी व कौशल नंदिनी ठाकुर ने कांस्य पदक जीता। इसी तरह 10 पेडलर पुरुष 2000 मी. में भी कांस्य पदक मिला। टीम में प्रमोद व धनेश्वर फरिकार शामिल थे। 10 पेडलर महिला वर्ग के 200 मी. में भारत में कांस्य पदक पर कब्जा किया। टीम में प्रदेश की कौशल नंदिनी व शिवांगी ठाकुर शामिल थीं।
टीम की जीत पर कोच नवीन साहू ने कहा कि भारत ने इसमें पहली बार हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद टीम इटली में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अभी कयाकिंग के लंदन ओलिंपिक क्वालीफाइंग मुकाबले की तैयारी में जुटी हुई है।
No comments:
Post a Comment